मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

दिल्ली फिर धुआं-धुआं: AQI 293 के पार, कई इलाकों में ‘गंभीर’ स्तर की हवा

दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है। शुक्रवार सुबह राजधानी की वायु गुणवत्ता AQI गिरकर ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। सुबह 5:30 बजे रिकॉर्ड किए गए आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का नॉर्मल AQI 293 रहा, जो कि लोगों के लिए हानिकारक माना जाता है। यह गिरावट दिवाली के सिर्फ चार दिन बाद आई है, जब पटाखों और बढ़े हुए वाहनों के धुएं से प्रदूषण में तेजी से उछाल देखा गया था। हालांकि गुरुवार को AQI 325 और बुधवार को 345 था यानी हवा थोड़ी “बेहतर” हुई है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अभी भी हालात सुरक्षित नहीं हैं, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए।

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में आनंद विहार और अक्षरधाम शामिल हैं, जहां AQI 403 तक पहुंच गया जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। वहीं, रोहिणी, द्वारका और गुरुग्राम जैसे इलाकों में प्रदूषण का स्तर ‘खराब’ से लेकर ‘मध्यम’ श्रेणी तक दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, दिल्ली में प्रदूषण का स्तर हर इलाके में एक जैसा नहीं होता; यह निर्माण कार्य, ट्रैफिक, और हवा की दिशा जैसी स्थानीय वजहों पर निर्भर करता है। डॉक्टरों ने लोगों को चेतावनी दी है कि सुबह और शाम के वक्त बाहर जाने से बचें, क्योंकि इन घंटों में हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा सबसे ज्यादा होती है। “जिन्हें अस्थमा, हृदय रोग या सांस से जुड़ी परेशानी है, वे N95 मास्क पहनें और घर में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें,” डॉक्टरों ने सलाह दी। हाल के दिनों में खांसी, आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ के मामलों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, AQI स्केल में 0-50 ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। जैसे-जैसे AQI बढ़ता है, स्वास्थ्य पर असर भी उतना ही गंभीर होता जाता है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह दिल्ली का तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम 17 से 19 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह के समय हल्की धुंध या धुआं छाया रह सकता है। उधर, दिल्ली सरकार की एजेंसियां हालात पर नज़र बनाए हुए हैं। प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत लागू पाबंदियाँ फिलहाल जारी रहेंगी, ताकि आने वाले दिनों में हवा थोड़ी साफ हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios