Mediawali news
यूट्यूबर ध्रुव राठी की गिरफ्तारी की झूठी खबर सोशल मीडिया पर फैलाने के आरोप में नोएडा के सेक्टर-39 थाने में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि एक्स पर पोस्ट कर दावा किया गया कि नोएडा पुलिस ने ध्रुव राठी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में इस दावे की पुष्टि नहीं हुई। एडिशनल डीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है।
पुलिस मीडिया सेल में तैनात सब इंस्पेक्टर सुशील कुमार की शिकायत पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को एक्स पर दो लोगों के अकाउंट से ध्रुव राठी की गिरफ्तारी को लेकर पोस्ट की गई थीं। इनमें दावा किया गया था कि हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वाले वीडियो बनाने और सेना व पुलिस को सरकार के खिलाफ बगावत के लिए उकसाने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पोस्ट में यह भी लिखा गया था कि ध्रुव राठी को भारत लौटने पर पछताना पड़ेगा और उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार से कोई राहत नहीं मिलेगी। पोस्ट में गिरफ्तारी नोएडा पुलिस की ओर से किए जाने का दावा किया गया था।
पुलिस का कहना है कि ध्रुव राठी की गिरफ्तारी के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं थी। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर गिरफ्तारी की खबर को सच बताकर प्रचारित किया गया। आरोप है कि ऐसी पोस्ट से लोगों में भ्रम फैलने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा था।
मामले में अभिषेक कुमार और प्रियंका कनाडे समेत अन्य एक्स हैंडल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पोस्ट तैयार करने, उन्हें प्रसारित करने और उनकी पहुंच की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।