मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

कानपुर में डीएम ने आरसेटी का निरीक्षण किया, 7,431 युवा रोजगार-स्वरोजगार से जुड़े, ब्यूटी पार्लर लैब बनेगी

कानपुर में डीएम ने आरसेटी का निरीक्षण किया,

Mediawali news, kanpur

कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को चौबेपुर के ग्राम मरियानी स्थित ग्रामीण स्वरोजगार विकास संस्थान (आरसेटी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से सीधा संवाद कर उनके अनुभवों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के समय संस्थान में एग्री जंक्शन और ब्यूटी पार्लर से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित मिले, जिन्हें डीएम ने बारीकी से देखा और प्रशिक्षणार्थियों से फीडबैक भी लिया।

अब तक 10,578 युवाओं को मिला प्रशिक्षण

ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में संचालित और बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा प्रायोजित इस संस्थान की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। अब तक 10,578 युवक एवं महिलाएं यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। इनमें से 7,431 प्रशिक्षणार्थी नौकरी या स्वरोजगार से जुड़ चुके हैं, जबकि 3,059 लोगों ने बैंक ऋण प्राप्त कर अपने उद्यम को आगे बढ़ाया है। संस्थान की खास बात यह है कि यहां केवल कानपुर नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में युवक-युवतियां प्रशिक्षण लेने पहुंचते हैं।

34 विधाओं में मिलता है रोजगारपरक प्रशिक्षण

संस्थान में विभिन्न अवधियों के कुल 34 प्रकार के रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इनमें मधुमक्खी पालन, डेयरी, बकरी पालन, सूकर पालन, मुर्गी पालन और भेड़ पालन जैसे पशुपालन आधारित पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके अलावा सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन, बैंक मित्र, ब्यूटी पार्लर, सहायक लेखाकार, फास्ट फूड स्टॉल, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, सॉफ्ट टॉय निर्माण, बांस एवं बेंत शिल्प, मोमबत्ती निर्माण, क्रिएटिव ज्वेलरी, अगरबत्ती निर्माण, जूट उत्पाद, सिलाई, पापड़-अचार एवं मसाला निर्माण, पेपर कवर एवं फाइल निर्माण, वस्त्र चित्रकला, मशरूम उत्पादन तथा रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग सहित कई अन्य पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं। इन सभी पाठ्यक्रमों की अवधि आठ से 38 दिन के बीच निर्धारित है, ताकि युवाओं को कम समय में व्यावहारिक कौशल हासिल हो सके।

पात्रता और आवेदन प्रक्रिया

प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 18 से 45 वर्ष तक के बेरोजगार युवक एवं युवतियां आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में अधिकतम 35 सीटें उपलब्ध रहती हैं और प्रवेश पहले आओ, पहले पाओ के सिद्धांत पर दिया जाता है। आवेदन के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्र, राशन कार्ड अथवा मनरेगा कार्ड और बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं।

निःशुल्क आवास और भोजन की सुविधा

संस्थान में प्रशिक्षण के साथ-साथ आवास और भोजन की सुविधा भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। प्रशिक्षणार्थियों को केवल तकनीकी कौशल ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, मार्केट सर्वे, बिजनेस प्लान एवं प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने और बैंकिंग प्रक्रिया की भी जानकारी दी जाती है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को उद्यम स्थापित करने तथा बैंक ऋण प्राप्त करने में आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग भी प्रदान किया जाता है।

डीएम बोले- बाजार की मांग से जोड़ें प्रशिक्षण

जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार से जोड़ने में यह संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को बाजार की मांग से जोड़ते हुए युवाओं को इस योग्य बनाया जाए कि वे पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद आत्मविश्वास के साथ अपना रोजगार शुरू कर सकें।

ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण के लिए बनेगी प्रैक्टिकल लैब

संवाद के दौरान ब्यूटी पार्लर पाठ्यक्रम की प्रशिक्षणार्थियों ने व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए प्रैक्टिकल लैब की आवश्यकता जताई। इस पर जिलाधिकारी ने इसे प्रशिक्षण की गुणवत्ता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए आवश्यक उपकरणों एवं सुविधाओं से युक्त प्रैक्टिकल लैब तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण में सैद्धांतिक जानकारी के साथ-साथ पर्याप्त व्यावहारिक अभ्यास भी उतना ही आवश्यक है, तभी प्रशिक्षणार्थी आत्मनिर्भर बन पाएंगे।

कैसे करें आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी ग्राम मरियानी, पोस्ट चौबेपुर स्थित संस्थान में स्वयं जाकर अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण एवं आवेदन से संबंधित जानकारी के लिए संस्थान के दूरभाष नंबर 8887500801 और 9616079125 पर संपर्क किया जा सकता है।

निरीक्षण के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) आदित्य चंद्रा और केंद्र के निदेशक रवि रंजन कुमार भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios