दोनों ओला और उबर कैब चलाकर दिन में सोसायटी, कॉलोनियों में रेकी करते थे, रात में वारदात
Mediawali news, नोएडा
सेक्टर 20 थाना पुलिस ने बीकॉम पास आउट और उसके साथ को घरों में चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों टैक्सी चलाते हैं, आरोपी चोरी की बाइक से शहर में घूमकर बंद मकानों की पहचान करते थे। घर की मौजूदगी का पता लगाने के लिए वे गुलेल से मकान पर निशाना साधते थे। यदि अंदर से कोई हलचल नहीं होती, तो कुछ ही देर बाद घर में घुसकर 15 से 30 मिनट के भीतर लाखों रुपये के जेवर, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान समेटकर फरार हो जाते थे।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान फिरोज उर्फ बबलू और आशीष के रूप में हुई है। फिरोज मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में फेस-दो थाना क्षेत्र के सेक्टर-93 में रह रहा था, जबकि आशीष सेक्टर 44 छलेरा गांव का निवासी है। आशीष बीकॉम पास आउट है। वहीं दूसरा महज तीसरी कक्षा तक पढ़ाई की है, लेकिन अपराध की दुनिया में लंबा इतिहास रहा है। दिन में दोनों उबर टैक्सी चलाकर सामान्य व्यक्ति की तरह जीवन बिताता थे, जबकि रात में साथी के साथ चोरी की घटनाएं करते थे। आशीष के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 14 केस दर्ज हैं। दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं।
दोनों आरोपी पहले चोरी की बाइक से कॉलोनियों और सेक्टरों में घूमकर रेकी करते थे। जिन घरों के बाहर कई दिनों से अखबार या अन्य सामान पड़ा मिलता और रात में लाइटें बंद रहतीं, उन मकानों को वे शक के दायरे में रखते थे। इसके बाद गुलेल से मकान के दरवाजे या खिड़की पर कंकड़ मारते थे। यदि अंदर से कोई आवाज या हलचल नहीं होती, तो वे यह मान लेते थे कि घर खाली है। इसके बाद चोरी के औजारों के साथ मकान में घुसकर महज 15 से 30 मिनट के भीतर अलमारी, लॉकर और कमरों को खंगाल देते थे। जेवर, नकदी, लैपटॉप, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य कीमती सामान समेटकर तुरंत मौके से निकल जाते थे।
पुलिस कर रही गिरोह के नेटवर्क की जांच
पुलिस यह भी पता लगा रही है कि चोरी के जेवर और अन्य सामान को आरोपी कहां और किसके माध्यम से बेचते थे। आशंका है कि चोरी के माल को ठिकाने लगाने के लिए गिरोह का एक अलग नेटवर्क भी सक्रिय है। पुलिस इस नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।एडिशनल डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। बरामद सामान के आधार पर अन्य मामलों में भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर में सक्रिय ऐसे अन्य गिरोहों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।