महिला की बातों में आकर शुरू की ट्रेडिंग
Mediawali news, नोएडा
घर बैठे ऑनलाइन ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति से 11.10 लाख रुपये की ठगी कर ली। पिछले साल एक महिला ने वॉट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर पीड़ित को झांसे में लिया। बातचीत के बाद उन्हें टेलीग्राम आईडी से जोड़कर निवेश करने की सलाह दी गई। ठगों की बातों में आकर उन्होंने 12 से अधिक बार में रकम ट्रांसफर कर दी। मुनाफे की रकम निकासी नहीं हुई तो पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। मामले में साइबर थाना पुलिस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-51 स्थित केंद्रीय विहार निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि 7 जुलाई 2025 को उनके पास वॉट्सऐप पर नीता शर्मा नाम की महिला का संदेश आया। बातचीत के बाद महिला ने उन्हें टेलीग्राम आईडी मिरुम सोनिया2125, क्रिप्टोकरएक्स561 और क्रिपएक्सएक्स56 से जोड़ा। शुरुआत में छोटे-छोटे निवेश पर लाभ दिखाकर उनका भरोसा जीत लिया गया। 7 जुलाई से 11 जुलाई 2025 के बीच उन्होंने आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में कुल 11 लाख 10 हजार 747 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने अपनी रकम और मुनाफा वापस मांगा तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी।
इसके बाद में उनसे संपर्क भी बंद कर दिया गया। पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर 13 जुलाई और 15 जुलाई 2025 को तीन अलग-अलग शिकायतों के माध्यम से दर्ज कराई थी। शिकायतों के आधार पर अब साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, टेलीग्राम आईडी, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने और ठगी गई रकम की रिकवरी के लिए भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।