Mediawali news, कानपुर
बिल्हौर चौबेपुर थाना क्षेत्र के चर्चित बिकरू कांड की छठी बरसी पर गुरुवार को शिवराजपुर थाने में शहीद पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।शिवराजपुर थाना परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शहीद पुलिसकर्मियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए गए। कार्यवाहक प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश कुमार ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा बलिदान पूरे पुलिस बल के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश और समाज की रक्षा करते हुए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। 2-3 जुलाई 2020 की रात चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में कुख्यात अपराधी विकास दुबे और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला किया गया था। हमले में तत्कालीन क्षेत्राधिकारी बिल्हौर देवेंद्र कुमार मिश्रा, शिवराजपुर के तत्कालीन थाना प्रभारी महेश चंद्र यादव, उपनिरीक्षक नेबूलाल, उपनिरीक्षक अनूप कुमार सिंह कांस्टेबल जितेंद्र पाल, सुल्तान सिंह, बबलू कुमार राहुल शहीद हो गए थे।बिकरू कांड के बाद प्रदेश सरकार ने अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया था। इस घटना ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा और कानून-व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर लंबे समय तक चर्चा का विषय बनी रही।इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक यशवीर सिंह, उपनिरीक्षक विपिन ओझा, अभिषेक कुमार, हेमंत कुमार, शिवम कुमार, राहुल कुमार, लोकेंद्र, साधना सहित समस्त थाना स्टाफ उपस्थित रहा।