Mediawali news, कानपुर
बिल्हौर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी को कानपुर-अलीगढ़ हाईवे स्थित राढ़ा अंडरपास के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। उसके कब्जे से बरामद बाइक की जांच में पता चला कि वह दो वर्ष पूर्व कल्याणपुर क्षेत्र से चोरी हुई थी।
शराब पूछना पड़ा भारी
कन्नौज के काजीटोला निवासी विकास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 14 अप्रैल को वह अपने साढ़ू के यहां आराजी ईशेपुर जा रहा था। रास्ते में बिल्हौर स्थित एलआईसी बिल्डिंग के पास उसने शराब की दुकान के बारे में जानकारी ली। एक व्यक्ति के बताए अनुसार वह आगे एक दुकान पर पहुंचा, लेकिन वहां भी शराब नहीं मिली।पीड़ित के अनुसार वह अपनी बाइक खड़ी कर शराब की तलाश में आगे चला गया। कुछ देर बाद लौटने पर उसने देखा कि दो युवक उसकी बाइक लेकर भाग रहे हैं। आवाज लगाने के बावजूद दोनों नहीं रुके और तेज रफ्तार से फरार हो गए।
नामजद आरोपियों पर लगाया आरोप
विकास का आरोप है कि आसपास के लोगों ने बताया कि खजुरी कला निवासी शीलू कटियार और रहमतपुर निवासी दुकान संचालक जगत पाल उसकी बाइक लेकर गए हैं। बाइक पर हेलमेट, बैग और 5600 रुपये भी रखे थे। अगले दिन तलाश में पहुंचने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से मिली बाइक की जांच में पता चला कि वह वर्ष 2024 में कल्याणपुर क्षेत्र से चोरी हुई थी और इस संबंध में वहां मुकदमा भी दर्ज है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव का निवासी है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।