मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

कड़ी सुरक्षा के बीच जिले के 23 केंद्रों पर 10,822 अभ्यर्थी नीट परीक्षा में हुए शामिल

नीट

पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित किए कर अभ्यर्तियों की मदद

Mediawali news, नोएडा

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की गई। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में जिले के तीनों जोन में आयोजित परीक्षा के दौरान 23 परीक्षा केंद्रों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 10 हजार 822 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नोएडा जोन में पांच, सेंट्रल नोएडा जोन में 11 और ग्रेटर नोएडा जोन में सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर एक पर्यवेक्षण अधिकारी के साथ निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी, पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के निकट पुलिस हेल्प डेस्क स्थापित किए गए थे। इसके अलावा सिविल पुलिस और यातायात पुलिस को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई ताकि परीक्षार्थियों को अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। परीक्षा केंद्रों और प्रमुख चौराहों के आसपास डायल-112 पीआरवी वाहनों की भी तैनाती की गई थी।

जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एक हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया था। ये सभी अधिकारी परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही यातायात संचालन को सुचारु रखने का कार्य कर रहे थे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही थी। परीक्षा के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार विभिन्न केंद्रों का भ्रमण और निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के प्रवेश और निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा यातायात प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया गया। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर फ्रिस्किंग और चेकिंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।

एजेंसी और पुलिस के बीच समन्वय

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती गई। इसके अलावा क्षेत्र में धारा 163 बीएनएसएस भी प्रभावी किया गया। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, पुलिस उपायुक्त नोएडा साद मियां खान, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह तथा पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। जिला पुलिस का कहना है कि सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित, शांत और तनावमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए गए हैं। परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई ताकि नीट परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios