परिजन ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को लिया हिरासत में
Mediawali news, Noida
घर के सामने बाइक खड़ी करने के मामूली विवाद में आईआईटी दिल्ली के एक पूर्व छात्र ने बुजुर्ग को धक्का दे दिया, जिससे सड़क पर गिरकर उनकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोपी पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस शुरुआती तौर पर इसे धक्का लगने और दिल का दौरा पड़ने का मामला मान रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
सेक्टर-15बी में रहने वाले बुजुर्ग प्रकाश चंद्र कालरा खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले अंश गोयल के साथ घर के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर उनका विवाद हो गया। अंश अभी वह सिविल सेवा कर तैयारी कर रहा है और एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी करता है। परिजनों का आरोप है कि अंश ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की और उन्हें धक्का दिया। सड़क पर गिरने के कारण बुजुर्ग के कोहनी और कूल्हे में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
थाना प्रभारी अमित मान के अनुसार, पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी अंश गोयल को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मौत की सटीक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी, क्योंकि अंदेशा है कि सदमे या चोट के कारण बुजुर्ग को हार्ट अटैक आया हो। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों के उन दावों की भी जांच कर रही है, जिसमें कहा गया है कि गिरने के बाद भी बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई थी।
परिवार में कोहराम, आरोपी भागने की फिराक में था
मृतक प्रकाश चंद्र कालरा का बेटा पायलट है और घटना के समय घर पर उनकी पत्नी और बहू मौजूद थीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी युवक अपनी गलती मानने को तैयार नहीं था और अपना मोबाइल ऑन-ऑफ कर भागने की फिराक में था। दोनों परिवारों के बीच पहले से भी तनाव की बात सामने आई है। शुक्रवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।