युवक को पिता और भाइयों ने पीटकर किया लहूलुहान, पत्नी से भी मारपीट का आरोप
Tags: मारपीटMediawali news, Kanpur
कानपुर,शिवराजपुर थाना क्षेत्र के दासा निवादा गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि युवक को उसके पिता और भाइयों ने गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।दासा निवादा नवादा गांव निवासी आरती ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि सुबह उसके पति नेकचंद घर पर बैठे थे। उसी दौरान उनके देवर आशीष और धर्मेंद्र तथा ससुर छिद्दू वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। नेकचंद द्वारा विरोध किए जाने पर तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
आरती का आरोप है कि जब वह अपने पति को बचाने के लिए आगे बढ़ी तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान धारदार हथियार लेकर दौड़ाने का भी प्रयास किया गया। भय और अफरा-तफरी के बीच वह गिरकर बेहोश हो गई। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने नेकचंद पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया, जिससे वह भी बेहोश हो गए।
कुछ समय बाद होश आने पर पति-पत्नी उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।