सलारपुर में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण, डबल इंजन सरकार ने बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर

Share your love

Mediawali news, noida
ग्राम सलारपुर में आज करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के लोकप्रिय सांसद डॉ. महेश शर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में नोएडा विधायक एवं भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री पंकज सिंह जी ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम सलारपुर के समग्र विकास को गति देने वाली अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। विधायक पंकज सिंह ने ₹3 करोड़ 77 लाख की लागत से बनने वाली 20 से अधिक आंतरिक सड़कों, जलनिकासी नालियों, जाल एवं कलवर्ट निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त ₹3 करोड़ 7 लाख की लागत से बनने वाले आधुनिक डबल स्टोरी सामुदायिक केंद्र का भी शिलान्यास किया गया। गांव के पीछे स्थित बड़े नाले पर सुरक्षा एवं सुचारू जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ₹2 करोड़ 14 लाख की लागत से निर्मित होने वाली आरसीसी (RCC) सुरक्षा दीवार का भी शिलान्यास किया गया।

इसके साथ ही सलारपुर कॉलोनी में विधायक निधि से ₹81 लाख की लागत से तीन नई सड़कों एवं नालियों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास तथा तीन पूर्ण हो चुके सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने इन विकास कार्यों का स्वागत करते हुए जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि आज के शिलान्यास होने वाले विकास कार्यों के अलावा इस क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। जिसमें ₹4 करोड़ 2 लाख की लागत से सीवर एवं जलापूर्ति की मुख्य लाइनों को बड़ा करने का कार्य प्रगति पर है, जिसका लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त सलारपुर बड़े नाले पर ₹9 करोड़ 92 लाख की लागत से जर्जर पुल के स्थान पर दो नए बड़े पुलों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले लाखों औद्योगिक श्रमिकों एवं स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। जबकि भट्टा कॉलोनी में ₹1 करोड़ 64 लाख की लागत से छोटी एवं क्षतिग्रस्त सीवर लाइनों को बदलने का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही स्ट्रीट लाइट एवं हॉर्टिकल्चर से संबंधित सौंदर्यीकरण कार्यों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भंगेल-सलारपुर एलीवेटेड रोड के निर्माण के साथ-साथ इन विकास परियोजनाओं के पूर्ण होने पर सलारपुर क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।

अपने संबोधन में विधायक पंकज सिंह ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार की योजनाओं के सकारात्मक परिणाम आज पूरे उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी माफिया राज और अपराध के लिए पहचाने जाने वाला उत्तर प्रदेश आज विकास, एक्सप्रेसवे, विदेशी निवेश और सुदृढ़ कानून व्यवस्था के लिए देशभर में नई पहचान बना चुका है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, उजाला योजना, निःशुल्क राशन वितरण तथा रोजगारोन्मुखी नीतियों के माध्यम से प्रदेश की जनता के जीवन स्तर में व्यापक सुधार आया है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश एक समृद्ध और आत्मनिर्भर प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

पंकज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है तथा इसी भावना के साथ निरंतर विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास और विरासत को साथ लेकर चलने वाली भाजपा सरकारों को जनता का असीम स्नेह, विश्वास और समर्थन प्राप्त हुआ है। यही कारण है कि आज देश के 22 राज्यों में भाजपा एवं भाजपा गठबंधन की सरकारें जनसेवा का कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करते हैं।

Anjali Priya
Anjali Priya
Articles: 376

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us