नोएडा में एसी ब्लास्ट से फ्लैट में लगी आग, कमरे में फंसे दो लोगों को सुरक्षित निकाला
सेक्टर-100 स्थित लोटस ब्लूबर्ड सोसायटी में गुरुवार तड़के एसी में ब्लास्ट होने से एक फ्लैट में आग लग गई। आग लगते ही पूरे फ्लैट में धुआं भर गया और कमरे के अंदर मौजूद दो लोग फंस गए। घटना की सूचना स्थानिय पुलिस और फायर बिग्रेड को दी गई। इसके बाद निवासियों ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर दोनों व्यक्तियों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। घटना में कोई जनहानी नहीं हुई और लेकिन कमरे में लगा एसी, बेड, आलमारी और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घटना तड़के 3:15 बजे की है। सूचना मिलने पर थाना क्षेत्र की पुलिस और फायर विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, फायर कर्मियों के पहुंचने से पहले ही सोसायटी के निवासियों और आसपास मौजूद लोगों ने दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर विभाग की शुरुआती जांच में एसी ब्लास्ट होने के बाद आग लगने की बात सामने आई है। आग तेजी से पूरे कमरे में फैल गई, जिससे फ्लैट में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर राख हो गईं।
फायर विभाग की अपील
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते दोनों लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और आसपास के फ्लैटों तक आग फैलने से रोक दिया। फायर विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में एसी और अन्य बिजली के उपकरणों की नियमित जांच और सर्विसिंग कराते रहें। अधिकारियों का कहना है कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।