नोएडा में कमरे का एसी बन रहा आग का बड़ा कारण, दो महीने में 87 जगह लगी आग

फायर विभाग की जांच में सामने आया चौंकाने वाला तथ्य, अधिकांश बड़ी घटनाओं की शुरुआत एसी से हुई

Share your love
Mediawali news, Noida
आपके कमरे, ऑफिस में लगा गर्मी से राहत देने वाला एयर कंडीशनर (एसी) अब आग की घटनाओं का बड़ा कारण बनता जा रहा है। समय से सर्विस और उसकी देखभाल नहीं करने की वजह से एसी में लगातार ब्लास्ट की घटनाएं बढ़ रही हैं। गौतमबुद्ध नगर में पिछले दो महीनों में हुई बड़ी आग की घटनाओं की जांच में फायर विभाग को एक समान वजह मिली है। अधिकांश मामलों में आग की शुरुआत एसी से हुई और देखते ही देखते पूरे कमरे, फ्लैट, कार्यालय, फैक्ट्री और कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया। जबकि फायर विभाग की तरफ से एसी के लिए एडवाइजरी दो महीने पहले जारी की जा चुकी है।

सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि पिछले दो महीनों में जिले में 87 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें कई मामलों में एसी में शॉर्ट सर्किट, ओवरहीटिंग या तकनीकी खराबी के कारण चिंगारी निकली, जिसने बाद में भीषण आग का रूप ले लिया। अधिकारी कहना है कि समय पर रखरखाव नहीं होने और लगातार एसी चलाने से खतरा और बढ़ जाता है। हाल ही में सेक्टर-59 स्थित स्पार्क मिंडा कंपनी में लगी भीषण आग की शुरुआती जांच में भी एसी में ब्लास्ट होने की बात सामने आई थी। इसके बाद आग तेजी से फैली और कंपनी के बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचा।

फायर अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में छोटी सी तकनीकी खराबी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को टाल सकती है। एसी की नियमित देखभाल न केवल उसकी कार्यक्षमता बढ़ाती है, बल्कि आग जैसी गंभीर घटनाओं से भी बचाती है। इसलिए गर्मी में राहत देने वाले इस उपकरण की सुरक्षा पर भी उतना ही ध्यान देना जरूरी है।

फिल्टर में धूल जमा होना, वायरिंग का पुराना की वजह से होता है ब्लास्ट

विशेषज्ञों के मुताबिक, एसी के फिल्टर में धूल जमा होना, वायरिंग का पुराना हो जाना, ढीले कनेक्शन, ओवरलोडिंग और लंबे समय तक लगातार एसी चलाना आग लगने के प्रमुख कारण हैं। कई लोग सालों तक एसी की सर्विसिंग नहीं कराते, जिससे मशीन के अंदर गर्मी बढ़ती रहती है और शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है। फायर विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के मौसम में एसी की नियमित सर्विसिंग जरूर कराएं। घर, ऑफिस या फैक्ट्री में लगे एसी की वायरिंग समय-समय पर जांचें। अगर एसी से जलने की गंध आए, असामान्य आवाज सुनाई दे या मशीन जरूरत से ज्यादा गर्म हो रही हो तो तुरंत उसका उपयोग बंद कर विशेषज्ञ से जांच कराएं।

Saurabh Yadav
Saurabh Yadav
Articles: 90

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us