VIP बनने का शौक छोड़िए, हूटर बजाते ही नोएडा में कटेगा चालान
हर दिन औसतन 25 से 28 ऐसे वाहनों पर हो रही कार्रवाई
5 महीने में प्रेशर हॉर्न वाले 7 हज़ार 824 वाहनों का चालान
हूटर सायरन वाले 2 हज़ार 209 वाहनों पर की गई कार्रवाई
Mediawali news, noida
अगर आप भी कार, बाइक या अन्य गाड़ियों में शौक के लिए हूटर-प्रेशर हॉर्न लगाकर चलते हैं तो सावधान हो जाइए। क्योंकि घर से कुछ ही दूरी पर खड़े ट्रैफिककर्मी को इसकी आवाज सुनाई दी तो तुरंत चालान की कार्रवाई होगी। ऐसे 25 से 28 वाहनों के खिलाफ रोजाना पुलिस की गाज गिर रही है। कई लोग अपनी गाड़ियों में वीआईपी कल्चर दिखाने या शौक के लिए हूटर और तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न लगवा लेते हैं। इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों को परेशानी होती है। कई बार दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। नियमों के मुताबिक, सामान्य वाहनों में इस तरह के हूटर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। पिछले 5 महीने में प्रेशर हॉर्न वाले 7 हजार 824 और चालान हुए और हूटर सायरन वाले दो हजार 209 वाहनों पर चालान की कार्रवाई हुई।
डीसीपी ट्रैफिक प्रभारी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस की टीमें प्रमुख चौराहों, बाजारों और व्यस्त सड़कों पर विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की जांच कर रही है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान किए जा रहे हैं और कई मामलों में मौके पर ही हूटर और प्रेशर हॉर्न उतरवाए भी जा रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कई युवा सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह हॉर्न लगाकर विडियो बनाते हैं। इससे न केवल उनकी जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। ऐसे मामलों में पुलिस मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई कर रही है।
लोगों को जागरूक भी किया जा रहा
ट्रैफिक पुलिस ने अब सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर स्टंट के विडियो पोस्ट करने वालों की पहचान की जा रही है। विडियो के आधार पर वाहन नंबर ट्रेस कर संबंधित चालकों के खिलाफ चालान और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कई मामलों में वाहन मालिकों को नोटिस भी भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
प्रेशर वाहन
महीना कार्रवाई
जनवरी 1267
फरवरी 708
मार्च 683
अप्रैल 2170
मई 2996
हूटर और सायरन
महीना कार्रवाई
जनवरी 533
फरवरी 209
मार्च 239
अप्रैल 436
मई 792
मॉडीफाइड साइलेंसर
महीना कार्रवाई
जनवरी 779
फरवरी 531
मार्च 649
अप्रैल 1602
मई 2393