शिवराजपुर ब्लॉक में ग्राम प्रधान बने प्रशासक, ब्लॉक प्रमुख शुभम बाजपेई ने दी बधाई
Mediawali news, कानपुर
बिल्हौर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के फैसले के बाद शिवराजपुर ब्लॉक में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। ब्लॉक सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख शुभम बाजपेई ने की। इस अवसर पर उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath का आभार व्यक्त किया।
ब्लॉक प्रमुख शुभम बाजपेई ने कहा कि सरकार का यह फैसला गांवों के विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को मजबूत करने वाला है। बैठक के दौरान उन्होंने ग्राम प्रधानों को माला पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में खंड विकास अधिकारी नेम चंद्र ने कहा कि सरकार ने ग्राम प्रधानों को दोबारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपकर उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने प्रधानों से अपील की कि वे गांवों के विकास कार्यों को प्राथमिकता दें और जनता को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाएं। उन्होंने कहा कि यदि प्रधान जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे तो भविष्य में भी उन्हें लोगों का समर्थन मिलेगा।
बैठक में गांवों के समग्र विकास पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नाली निर्माण, खड़ंजा, स्ट्रीट लाइट, आवास योजना और अन्य बुनियादी सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना अब प्रधानों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसके साथ ही पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सीताराम बाजपेई, जिला पंचायत सदस्य कृष्ण मुरारी पाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनुराग शुक्ला, कैलाश नारायण कटियार, कर्मेंद्र त्रिपाठी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं ग्राम प्रधानों में अजय प्रताप, नीरज राणा, सुमित सिंह, सर्वेश वर्मा, पुनीत शर्मा, अशर्फीलाल यादव, मनीष तिवारी, विमल पाल, रामजी, श्यामजी, अमित कटियार, साहुल मिश्रा और गौरव अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में प्रधान शामिल हुए।
गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित कराने निकले शंकराचार्य, खेरेश्वर मंदिर में किया जलाभिषेक