होटल में चल रहा था जुए का अड्डा, वॉट्सऐप ग्रुप से जुटते थे, 20 युवक गिरफ्तार

- होटल संचालक का नाम आया सामने, पुलिस ने जांच में सामिल किया

Share your love
Mediawali news, Noida

नोएडा सेक्टर 51 स्थित एक होटल के कमरे में किराये पर लेकर जुआ खेलने का बड़ा खुलासा हुआ है। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने एक होटल में छापेमारी कर जुआ खेल रहे 20 युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी नोएडा, गुरुग्राम, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजस्थान समेत कई राज्यों के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। नोएडा होटल मालिक द्वारा तय स्थान पर पहुंचकर ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाते थे। फिलहाल होटल मालिक फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि सेक्टर 49 थाने की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस से सूचना मिलने पर सेक्टर 51 सनराइज होटल में पास कार्रवाई की है। मौके से 20 लोगों के पास से एक लाख 62 हजार रुपये कैश, 160 ताश के पत्ते और 22 मोबाइल फोन, सात बाइक और एक कार बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने-अपने वाहनों से होटल पहुंचते थे और कमरा किराये पर लेकर जुआ खेलते थे। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि जुए की बैठकों की सूचना वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से दी जाती थी। ग्रुप में शामिल सदस्य तय समय और स्थान की जानकारी मिलने पर होटल में एकत्र होते थे। पुलिस के मुताबिक मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है। शुरुआती जांच में होटल मालिक या कर्मचारियों की मिलीभगत की सामने आई है।

पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या होटल प्रबंधन को जुआ खेले जाने की जानकारी थी और क्या उन्होंने इसके लिए जानबूझकर कमरे उपलब्ध कराए थे। गिरफ्तार आरोपियों में कई ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सार्वजनिक जुआ अधिनियम के पुराने केस भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।

होटलों और गेस्ट हाउसों जांच शुरू

थाना सेक्टर-49 पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है। बरामद मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जुए के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में होटलों और गेस्ट हाउसों में अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यदि जांच में होटल प्रबंधन की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह पकड़े गए

आरोपियों की पहचान पुष्कर पोरवाल, अजमेरी खान, अमित, सचिन गुप्ता, मनोज कुमार, मो शमीम, चन्दन, कपिल शर्मा, राहुल, मो जफरूल, पवन, मुकेश, शुभम, राकेश कुमार, विक्रम, गजेन्द्र, पवन मुंडा, नदीम, नितिन, सूरज के रूप में हुई है। ये सभी नोएडा, गुड़गांव, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों के मूल निवासी हैं।

Saurabh Yadav
Saurabh Yadav
Articles: 90

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us