मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

रजबहे में युवक का शव मिलने से सनसनी, अवैध शराब बिक्री पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

Tags:
रजबहे में युवक का शव मिलने से सनसनी
Mediawali news,Kanpur

कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के बरौली गांव में सोमवार सुबह रजबहे में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेतों की ओर जा रहे किसानों ने युवक को पानी में पड़ा देखा, जिसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय हरिओम उर्फ श्रीमन पुत्र पुत्तीलाल के रूप में हुई है। वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और अविवाहित था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सुबह खेत जा रहे किसानों ने देखा शव

परिजनों के मुताबिक हरिओम सोमवार भोर में घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। सुबह जब गांव के किसान खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उनकी नजर रजबहे में पड़े युवक पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान हरिओम के रूप में हुई। ग्रामीणों ने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रो-रोकर बेहाल हो गए।

शराब के नशे में हादसे की आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि हरिओम शराब पीने का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि घटना के समय भी वह नशे में था। लोगों के अनुसार वह रजबहे की पटरी से गुजर रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से पानी में गिर गया। ग्रामीणों का मानना है कि नशे की हालत में वह समय रहते बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि करेगी।

गांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर नाराजगी

घटना के बाद गांव में अवैध शराब बिक्री को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में एक महिला सुबह से ही खुलेआम अवैध शराब बेचती है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आसानी से शराब मिलने के कारण युवा तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

परिवार पर पहले से टूटा है दुखों का पहाड़

हरिओम के परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार उसके दो भाइयों की पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है। परिवार मजदूरी करके जीवन यापन कर रहा है। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी Sudhir Kumar ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios