मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

स्कूटी से आए बदमाशों ने पीटकर युवक को लूटा, पुलिस ने बदल दी धाराएं

स्कूटी से आए बदमाशों ने पीटकर युवक को लूटा

Mediawali news,Noida

सेक्टर 15 नाले के पास स्कूटी सवार तीन बदमाशों ने एक युवक के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित का आरोप है कि उसके साथ मारपीट कर 7 हजार रुपये कैश और मोबाइल छीन लिया गया । इतना ही नहीं पीड़ित की कार में तोड़फोड़ की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। विरोध करने पर मारने पीटने का आरोप है। मामले में फेज-1 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट, चोरी के बजाय अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पीड़ित के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में शारीरिक चोट पहुंचाने, किसी का अपमान करने, जान से मारने की धमकी देने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया है।

ग्रेनो के जगनपुर-अफजलपुर निवासी कुलदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार देर रात दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 से घर लौट रहे थे। रात एक बजे जब वह नोएडा सेक्टर-15 नाले के पास पहुंचे तो उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे रोक दी और उतरकर यूरिन करने लगे। इसी दौरान काले रंग की स्कूटी से तीन युवक पहुंचे और अचानक गालीगलौज शुरू कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने बिना किसी बात के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।

इतना ही नहीं हमलावरों ने उनकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। मारपीट के बाद जब पीड़ित ने अपनी जेब देखी तो उनका मोबाइल फोन और पर्स गायब मिला। पीड़ित के अनुसार पर्स में करीब सात हजार रुपये कैश, आधार कार्ड, पैन कार्ड, डेबिट कार्ड और बैंक संबंधी जरूरी दस्तावेज थे। उनका फोन भी बदमाश अपने साथ लेकर भाग गए। काफी तलाश करने के बावजूद सामान नहीं मिला। घटना के बाद पीड़ित ने फेज वन थाने में पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि बदमाश बेहद आक्रामक थे और वारदात के दौरान लगातार धमकी दे रहे थे।

शहर के व्यस्त इलाके में लूट, पुलिस पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर नोएडा की रात की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेक्टर-15 जैसा व्यस्त इलाका होने के बावजूद देर रात बदमाशों का खुलेआम हमला करना लोगों में डर पैदा कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय कई इलाकों में पुलिस गश्त बेहद कम दिखाई देती है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। फिलहाल फेज वन थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है ताकि स्कूटी सवार बदमाशों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने लूट और चोरी की धारा भी नहीं लगाई

सूत्रों के मुताबिक पुलिस जांच, मेडिकल, सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के बयान के आधार पर तय करती है। अगर साबित हो जाए कि बदमाशों ने हमला करके जबरन मोबाइल और पर्स छीना, तो मामला साधारण चोरी नहीं बल्कि लूट माना जा सकता है। इसके बाद पुलिस धारा बढ़ाती है। वहीं पुलिस ने इस मामले में न तो चोरी की धारा लगाई है और न ही लूट में केस दर्ज किया है। फिलहाल बदमाशों के पकड़ने के बाद घटना की पुष्टि करने की बात कर रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

नोएडा एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले में देखा जाएगा, क्या घटना हकीकत में सही है। इसके बाद अन्य धाराएं जोड़ी जाएंगी। मामले में पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं, खुलासा होने के आद अन्य कार्रवाई की जाएगी।

इन धाराओं में पुलिस ने दर्ज किया केस

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115 (2) जब कोई व्यक्ति किसी को जानबूझकर शारीरिक चोट तब यह धारा लगती है।

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 कोई व्यक्ति जानबूझकर किसी अन्य व्यक्ति का अपमान करता है, तब धारा लगती है।

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3) कोई व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति या उसके परिवार को जान से मारने, गंभीर चोट पहुंचाने, या उसकी संपत्ति को नष्ट करने की धमकी देता है, तो वह इस गंभीर अपराध का दोषी माना जाता है।

भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 324(3) व्यक्ति की संपत्ति को जानबूझकर नष्ट करने या नुकसान पहुंचाने (जैसे गाड़ी के शीशे तोड़ना, मोबाइल फेंकना आदि) पर लागू होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios