बिल्हौर में एक ही रात तीन घरों में चोरी, नगदी और लाखों के जेवर लेकर फरार हुए चोर

घरों में सोते रहे लोग, बेखौफ होकर वारदात करते रहे चोर

Share your love
Mediawali news,Kanpur

कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। ककवन थाना क्षेत्र के गढ़ेवा गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नगदी और जेवर चोरी कर लिए। वारदात के समय घरों में मौजूद लोग गहरी नींद में सोते रहे और चोर दरवाजे व छत के रास्ते घरों में घुसकर आराम से सामान समेटकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घरों का सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी की जानकारी हुई।

पिछले दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में घुसे चोर

गढ़ेवा गांव निवासी विमलेश कुमार, जो एक नर्सरी में काम करते हैं, शुक्रवार रात अपनी पत्नी गीता के साथ घर में सो रहे थे। देर रात चोर पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में दाखिल हो गए। चोर कमरे में रखा बक्सा और टीवी उठा ले गए। बाद में घर से करीब 150 मीटर दूर खेत में बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 20 हजार रुपये नकद और डेढ़ से दो लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। वहीं खेत में टूटा हुआ बक्सा और टीवी मिला।

दूसरे घर से एक लाख रुपये और जेवर चोरी

चोरों ने गांव में ही रहने वाले बब्बन कुमार के घर को भी निशाना बनाया। बब्बन दिल्ली में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी बबिता बच्चों के साथ गांव आई हुई थीं। बताया जा रहा है कि चोर घर में घुसकर मकान निर्माण के लिए रखे करीब एक लाख रुपये नकद और जेवर चोरी कर ले गए। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।

छत के रास्ते तीसरे घर में घुसे चोर

चोरों ने पड़ोस में रहने वाले ओम जी उर्फ विनय कुमार के घर को भी नहीं छोड़ा। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। उस समय घर में उनकी मां सर्वेश कुमारी अकेली थीं। चोर वहां से भी नगदी और जेवर समेटकर फरार हो गए।

सुबह मचा हड़कंप, गांव में दहशत

शनिवार सुबह जब तीनों परिवारों के लोग जागे तो घरों का सामान अस्त-व्यस्त देखकर हड़कंप मच गया। गांव में एक ही रात में तीन घरों में चोरी की खबर फैलते ही लोगों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us