दिल्ली से नोएडा आई महिला की 14वीं मंजिल से गिरने से मौत
रिश्तेदार के बंद फ्लैट की चाबी थी महिला के पास, पुलिस जांच में जुट गई है
Mediawali news, Noida
दिल्ली से नोएडा शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अपने रिश्तेदारों के फ्लैट पर आई एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में 14वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना सेक्टर-135 स्थित एक हाईराइज सोसायटी की है। महिला सुबह कैब से नोएडा पहुंची थी। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि महिला ने बालकनी से कूदकर आत्महत्या की है। हालांकि पुष्टि नहीं हो पाई है कि घटना क्या है। पुलिस मृतक महिला के परिजन और उसके रिश्तेदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आज मामले में स्पष्ट जानकारी देने की बात कही है।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एक्सप्रेसवे थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल उसके पास से मिले दस्तावेज के मुताबाकि उसकी पहचान लिली टंडन (करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने तफील्ड यूनिट टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण करा लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला सुबह दिल्ली से कैब के जरिए नोएडा आई थी। वह अपने रिश्तेदारों के फ्लैट पर पहुंची थी, लेकिन फ्लैट बंद मिला। बताया जा रहा है कि महिला के पास उस फ्लैट की चाबी भी थी।
घटना के बाद से रिश्तेदारों और महिला के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन देर शाम तक उनसे बात नहीं हो सकी थी।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला की तबीयत अक्सर खराब रहती थी। इसी वजह से पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि अभी हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटना के बाद सोसायटी में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।