Delhi: जल शक्ति मंत्री Swatantra Dev Singh ने किया कार्यालय भवन का लोकार्पण, 16 बड़ी परियोजनाएं भी जनता को समर्पित
Mediawali news, Delhi
Swatantra Dev Singh ने बुधवार को New Delhi के ओखला स्थित नवनिर्मित “मुख्य अभियन्ता-यमुना” कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर यमुना परियोजना संगठन द्वारा पूर्ण की गई 16 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भी लोकार्पण एवं जनसमर्पण किया गया। कार्यक्रम में विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों, अभियंताओं, जनप्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
मुख्य अभियन्ता, यमुना सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि इन 16 परियोजनाओं की कुल स्वीकृत लागत 8803.114 लाख थी। विभाग ने योजनाओं को बेहतर प्रबंधन और प्रभावी कार्यप्रणाली के जरिए 6831.310 लाख की लागत में पूरा किया, जिससे लगभग 1971.804 लाख की बचत हुई। विभाग की इस उपलब्धि को कार्यक्रम में विशेष रूप से सराहा गया।
लोकार्पित परियोजनाओं में बाढ़ सुरक्षा कार्य, तटबंधों का सुदृढ़ीकरण, नहरों की पुनर्स्थापना, बैराज सुरक्षा और प्रशासनिक अवसंरचना विकास से जुड़े कई अहम कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। साथ ही बाढ़ जैसी आपदाओं से सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जल संरक्षण और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं की सराहना करते हुए कहा कि समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से परियोजनाओं को पूरा करना सराहनीय कार्य है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि जल संसाधनों का संरक्षण आने वाले समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी साझा की और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। यह आयोजन यमुना क्षेत्र में जल संसाधन विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।