विवादित बयान देने वाले सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी पर एफआईआर दर्ज
- सेक्टर-53 स्थित गिझौड़ गांव निवासी सुशील पंडित ने सेक्टर-24 थाने में दर्ज कराया केस
Mediawali news, noida
ब्राह्मणों पर कथित विवादित बयान देने के आरोप में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ नोएडा में भी एफआईआर दर्ज हुई है। सेक्टर-53 स्थित गिझौड़ गांव निवासी सुशील पंडित ने जातिगत टिप्पणी करने, लोक शांतिभंग करने और आईटी ऐक्ट के तहत सेक्टर-24 थाने में केस दर्ज कराया है।
पुलिस से शिकायत में सुशील पंडित और समाज के अन्य लोगों ने कहा कि राजकुमार भाटी का एक विडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल विडियो पांच मई का बताया जा रहा है। राजकुमार भाटी ने पांच मई को दिल्ली के जवाहर भवन में ‘जाति और साम्प्रदायिकता के विषाणु’ नाम की एक पुस्तक के लोकार्पण कार्यक्रम में भाषण दिया था। इसी दौरान उन पर ब्राह्मणों पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। इस मामले में दादरी के ब्रह्मपुरी में मंगलवार को ब्राह्मण समाज की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें सपा नेता के बयान पर आक्रोश व्यक्त किया गया था। साथ ही शुक्रवार को शाम चार बजे भगवान परशुराम धर्मशाला में महापंचायत बुलाने का फैसला लिया गया।
विडियो वायरल होने के बाद मांगी माफी
विडियो वायरल होने के बाद प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने एक विडियो जारी कर हाथजोड़ कर ब्राह्मण सामाज के लोगों से माफी मांगी। उन्होंने विडियो में कहा कि मेरे 12 मिनट के विडियो के अंदर से सात सेकंड का क्लिप काटकर सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है। इससे लोगों को भड़काया जा रहा है कि भाटी ब्राह्मण सामाज के खिलाफ हैं। जबकि ऐसा नहीं है।
वर्जन
जातिगत टिप्पणी करने, लोक शांतिभंग करने और आईटी ऐक्ट के तहत सेक्टर-24 थाने में केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल सीपी (कानून-व्यवस्था)) डॉ राजीव नारायण मिश्रा