ग्रेटर नोएडा में डबल मर्डर,निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे में मिले दो माली के शव

 दो-तीन दिन पहले ही काम पर आए थे दोनों मजदूर, फोरेंसिक टीम जुटी जांच में; पुलिस को हत्या के अहम सुराग मिले

Share your love

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निजी इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे में दो लोगों के शव मिले। दोनों मृतक हॉस्टल परिसर में माली का काम करते थे और कुछ दिन पहले ही यहां काम पर आए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक 8 मई 2026 की सुबह डायल-112 पर सूचना मिली थी कि नॉलेज पार्क इलाके में एक निजी इंस्टीट्यूट के निर्माणाधीन हॉस्टल के कमरे में दो शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही थाना नॉलेज पार्क पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

एडिशनल कमिश्नर डॉ राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि जांच के दौरान मृतकों की पहचान इंद्र निवासी अब्दुल्लापुर, मेरठ और शीशपाल निवासी इचौंली, मेरठ के रूप में हुई। दोनों की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों व्यक्ति करीब दो-तीन दिन पहले ही इंस्टीट्यूट परिसर में माली के काम के लिए आए थे और निर्माणाधीन हॉस्टल में ही रह रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। कमरे से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। शुरुआती जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

महत्वपूर्ण सुराग लगे पुलिस के हाथ 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। इन्हीं सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों, इंस्टीट्यूट कर्मचारियों और ठेकेदार से भी पूछताछ कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। निर्माणाधीन हॉस्टल में काम करने वाले अन्य मजदूर भी सहमे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नॉलेज पार्क क्षेत्र में बड़ी संख्या में निजी कॉलेज, हॉस्टल और इंस्टीट्यूट मौजूद हैं। ऐसे में एक साथ दो शव मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Saurabh Yadav
Saurabh Yadav
Articles: 58

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us