मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

TRE 4 भर्ती की मांग को लेकर पटना में बवाल, प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई

Tags:
Mediawali news, Noida
बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE 4 को लेकर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। TRE 4 का विज्ञापन जारी करने और बीपीएससी नियमावली में बदलाव की मांग को लेकर हजारों अभ्यर्थियों ने विरोध मार्च निकाला। यह मार्च पटना कॉलेज से शुरू होकर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) कार्यालय की ओर बढ़ रहा था, लेकिन जेपी गोलंबर पहुंचते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस कार्रवाई में कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जेपी गोलंबर पर रोके गए अभ्यर्थी

प्रदर्शन कर रहे छात्र पटना कॉलेज से शांतिपूर्ण मार्च निकालकर बीपीएससी कार्यालय तक पहुंचना चाहते थे। अभ्यर्थियों का कहना था कि वे लंबे समय से TRE 4 भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने जेपी गोलंबर पर ही बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ छात्र नेताओं को हिरासत में भी लिया गया है।

दो साल से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि TRE 4 के लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और शिक्षा विभाग लगातार आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री कई बार कह चुके हैं कि 10 से 15 दिनों के भीतर वैकेंसी जारी कर दी जाएगी। चुनाव के दौरान भी TRE 4 का विज्ञापन जल्द जारी करने का वादा किया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

बीपीएससी और शिक्षा विभाग पर लगाए आरोप

छात्र नेता दिलीप कुमार ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग और बीपीएससी लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उनका कहना है कि बीपीएससी ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में नोटिस जारी कर कहा था कि अधियाचना प्राप्त हो चुकी है और जल्द विज्ञापन जारी किया जाएगा, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि लगातार देरी के कारण कई अभ्यर्थियों की आयु सीमा समाप्त होती जा रही है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।

फिर आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारी छात्रों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द TRE 4 का विज्ञापन जारी नहीं किया गया, तो पटना में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपने अधिकारों और भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios