श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन
Mediawali news, Noida
अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ‘श्रमवीर गौरव सम्मान समारोह-2026’ का प्रदेशभर में भव्य आयोजन किया गया। राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जबकि गौतम बुद्ध नगर में ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में इसका सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की असली ताकत बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं और अटल आवासीय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। साथ ही श्रमिकों को टूलकिट और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
गौतम बुद्ध नगर को मिली बड़ी सौगात
समारोह के दौरान गौतम बुद्ध नगर को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में 300 बेड के ईएसआईसी अस्पताल निर्माण के लिए 7 एकड़ भूमि का आवंटन पत्र प्रदान किया। इससे औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा वर्चुअल माध्यम से जेवर स्थित मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय का शिलान्यास भी किया गया। औद्योगिक इकाइयों में 79 स्थानों पर डिस्पेंसरी और एंबुलेंस रूम स्थापित करने की योजना का भी शुभारंभ हुआ।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिला विस्तार
कार्यक्रम के दौरान जिले में 201 स्थानों पर मेगा हेल्थ कैंप और 25 चिकित्सीय मोबाइल वैन ‘मुख्यमंत्री आरोग्य रथ’ का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही 4 एएलएस एंबुलेंस, 10 ब्लड एनालाइजर और 43 क्रेच (शिशु कक्ष) का लोकार्पण किया गया। प्रदेश सरकार ने पांच नए अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध कर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुलभ बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। कार्यक्रम में मौजूद श्रमिकों ने इन योजनाओं का स्वागत किया और सरकार के प्रयासों की सराहना की।
एलईडी स्क्रीन पर देखा गया लाइव प्रसारण
गौतम बुद्ध नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के मुख्य समारोह का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित श्रमिकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इससे श्रमिकों में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिला।
श्रमिकों के लिए शुरू हुई निशुल्क फूड वैन सेवा
कार्यक्रम की एक विशेष पहल के तहत हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से निशुल्क फूड वैन सेवा का शुभारंभ किया गया। सीएसआर सहयोग से संचालित इस योजना के अंतर्गत सप्ताह में तीन दिन लगभग 600 औद्योगिक श्रमिकों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा विशेष रूप से उन श्रमिकों के लिए लाभकारी साबित होगी, जो दूरदराज क्षेत्रों से आकर औद्योगिक इकाइयों में कार्य करते हैं।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस, अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार, अपर श्रमायुक्त राकेश द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण समेत कई प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।