आईएमएस नोएडा में आईटी एक्सपो का आयोजन, छात्रों के इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स ने जीता उद्योग जगत का दिल

Mediawali news, Noida
नोएडा के सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा में बुधवार को आईटी एक्सपो का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें एमसीए और बीसीए के छात्रों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम में कुल 32 स्टॉल लगाए गए, जहां छात्रों ने अपने आधुनिक और उपयोगी प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की शुरुआत आईबीएम की आइडेंटिटी एवं इंफ्रास्ट्रक्चर सिक्योरिटी प्रोग्राम मैनेजर रितु मित्तल द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर 25 से अधिक प्रतिष्ठित आईटी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और छात्रों के प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया। प्रमुख कंपनियों में ऐप्सक्वाज सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड, स्मार्ट एनर्जी वाटर, एमवीडी टेक्नोलॉजी, एलआरपी कैप्टिवेटर प्राइवेट लिमिटेड, आईबीएम सॉफ्टवेयर, स्टेफनी इंडिया, स्विफ्टकी, किंडवेल और गैलेक्सी इन्फोटेक शामिल रहीं।
आईएमएस स्कूल ऑफ आईटी के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि इस एक्सपो में 70 से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी की और अपने नवाचारपूर्ण प्रोजेक्ट्स को प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों को उद्योग जगत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान रितु मित्तल ने छात्रों के प्रोजेक्ट्स की सराहना करते हुए कहा कि ये प्रोजेक्ट्स वर्तमान उद्योग की जरूरतों के अनुरूप हैं। उन्होंने छात्रों की तकनीकी समझ, नवाचार क्षमता और समस्या समाधान कौशल की प्रशंसा की। उन्होंने यह भी बताया कि कई प्रोजेक्ट्स इतने प्रभावशाली रहे कि छात्रों को मौके पर ही रोजगार के अवसर प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. अनिता पति मिश्रा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों के कौशल और रचनात्मकता को मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से छात्रों को उद्योग विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है, जिससे उन्हें बाजार की मांग और नई तकनीकों की बेहतर समझ मिलती है।
यह आईटी एक्सपो न केवल छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि उनके उज्ज्वल करियर निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।



