संपूर्ण समाधान दिवस में 99 फरियादें, मौके पर एक भी निस्तारण नहीं

Share your love
Mediawali news,kanpur
एडीएम की अध्यक्षता में सुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

कानपुर/बिल्हौर ब्लॉक सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस एडीएम रमेश प्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। एसडीएम मनीष कुमार, तहसीलदार अभिनव चंद्रा व एसीपी मंजय सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 99 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका, जिससे फरियादियों में मायूसी देखी गई।चौबेपुर कलां निवासी साहबलाल ने चकहजरतपुर स्थित गाटा संख्या 108, 109 व 31 की भूमि पर पारित खनन आदेश निरस्त कराने की मांग की। उनका कहना है कि भूमि में उनकी आधी हिस्सेदारी है, इसके बावजूद बिना अनुमति खनन आदेश जारी कर दिया गया। उन्होंने भूमि का पुनः चिन्हांकन कराने की भी मांग उठाई।

सड़क निर्माण रोकने का आरोप

ताकीपुर निवासी महेश कुमार ने ग्राम पंचायत सचिव वंदना तिवारी पर सड़क निर्माण कार्य में बाधा डालने और पोर्टल पर भ्रामक रिपोर्ट लगाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि राजस्व विभाग पहले ही रास्ते को विवादरहित घोषित कर चुका है। उन्होंने निष्पक्ष अधिकारी की निगरानी में निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।ककवन क्षेत्र के महादेवा गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने बहू पर पुत्र की मृत्यु के बाद घर व मकान पर कब्जा कर पत्नी समेत बेघर करने का आरोप लगाया। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कई बार तहसील दिवस और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन हर बार फर्जी निस्तारण कर दिया गया।

स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी

बिल्हौर कस्बे के बहादुर शाह जफर नगर निवासी इखलाक, दिलशाद, अकील, मोबीन, रहीम व शाबिर समेत अन्य लोगों ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर से अधिक बिल आने की शिकायत की। उनका कहना है कि रिचार्ज कराने के बाद भी बैलेंस तेजी से कट जाता है, जिससे घर का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग की। एडीएम रमेश प्रकाश ने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा और संबंधित विभागों को तय समय सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us