Mediawali news
घर में चूहों का होना किसी बड़ी परेशानी से कम नहीं है। ये न सिर्फ अनाज और कपड़ों को खराब करते हैं, बल्कि गंदगी फैलाकर बीमारियों का खतरा भी बढ़ा देते हैं। कई लोग चूहों को मारना नहीं चाहते, लेकिन उन्हें घर से दूर रखना जरूरी होता है। ऐसे में एक आसान और घरेलू उपाय आपकी मदद कर सकता है।
यूट्यूबर नितिन भारद्वाज ने चूहों को भगाने के लिए तारपीन के तेल का एक सरल नुस्खा बताया है। इस तरीके में चूहों को कोई नुकसान नहीं होता, बल्कि इसकी तेज गंध से वे खुद ही घर छोड़कर चले जाते हैं।
तारपीन का तेल आपको आसानी से किसी भी पंसारी की दुकान, हार्डवेयर स्टोर या पेंट की दुकान पर मिल जाएगा। यह काफी सस्ता होता है और लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है। ध्यान रखें कि अच्छी क्वालिटी का तेल लें, क्योंकि इसकी तेज गंध ही चूहों को भगाने में मदद करती है।
इसका इस्तेमाल करने का पहला तरीका बहुत आसान है। आप एक स्प्रे बोतल लें और उसमें तारपीन का तेल भर लें। अब घर के उन स्थानों पर छिड़काव करें, जहां चूहे ज्यादा आते हैं, जैसे किचन के कोने, सिंक के नीचे, अलमारी के पीछे या सोफे के आसपास। इसकी गंध से चूहे वहां आना बंद कर देंगे।
दूसरा तरीका और भी असरदार माना जाता है। इसके लिए रुई के छोटे-छोटे गोले बना लें और उन्हें तारपीन के तेल में अच्छी तरह भिगो लें। अब इन रुई के फाहों को घर के अलग-अलग कोनों में रख दें। जहां-जहां ये फाहे रखे होंगे, वहां चूहे नहीं आएंगे।
कुछ दिनों तक लगातार इस उपाय को करने से चूहे पूरी तरह घर छोड़ सकते हैं। यह तरीका आसान, सस्ता और सुरक्षित है, जिससे आप बिना किसी जीव को नुकसान पहुंचाए अपने घर को चूहों के आतंक से मुक्त कर सकते हैं।