अटल अभ्युदय योजना: वरिष्ठ नागरिकों के लिए एनजीओ 24 मार्च तक दें प्रस्ताव

Share your love

Mediawali news, Noida

जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने जानकारी दी है कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की अटल अभ्युदय योजना के तहत गौतम बुद्ध नगर में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस योजना के अंतर्गत मोतियाबिंद सर्जरी, स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता अभियान, उत्पादक वृद्धावस्था गतिविधियां और पीढ़ियों के बीच जुड़ाव बढ़ाने वाले कार्यक्रम शामिल हैं। इन गतिविधियों को संचालित करने के लिए योग्य गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) और स्वैच्छिक संगठनों का चयन किया जाएगा।

 चयन के लिए जरूरी शर्तें

इन कार्यक्रमों को संचालित करने के लिए जनपद स्तरीय वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति द्वारा संस्थाओं का चयन किया जाएगा। इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें निर्धारित की गई हैं।
संस्था का पंजीकरण वैध होना चाहिए और वह नीति आयोग के एनजीओ दर्पण पोर्टल पर दर्ज हो। साथ ही संस्था के पास राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता होना अनिवार्य है।

इसके अलावा संस्था को पिछले वर्षों की प्रगति रिपोर्ट, ऑडिट विवरण और पैन/जीएसटी जैसे दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। मोतियाबिंद सर्जरी के क्षेत्र में कम से कम दो साल का अनुभव और 250 सफल ऑपरेशन का रिकॉर्ड भी जरूरी है। संस्था को यह भी प्रमाण देना होगा कि उसे किसी सरकारी विभाग द्वारा ब्लैकलिस्ट नहीं किया गया है।

 कब और कहां करें आवेदन

इन सभी शर्तों को पूरा करने वाली इच्छुक संस्थाएं 24 मार्च 2026 तक अपना प्रस्ताव जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या 116, विकास भवन, सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा में जमा कर सकती हैं।

 यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उन्हें बेहतर सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us