28 मार्च को प्रधानमंत्री नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन

Share your love

Mediawali news

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान आगामी 28 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रस्तावित लोकार्पण को लेकर महत्वपूर्ण बयान जारी किया है। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद जनपद गौतमबुद्ध नगर में कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वहीं जेवर विधायक ने एक वीडियो बनाकर एयरपोर्ट पर तैयारी जानकारी दी है।

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि इसी क्रम में 17 मार्च 2026 को एयरपोर्ट सभागार में जनपद के सभी संबंधित विभागों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकार्पण कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वीआईपी प्रोटोकॉल, जनसुविधाओं तथा मीडिया समन्वय जैसे विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने दायित्वों का समय पर और प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा सके।

बैठक में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि एयरपोर्ट का लोकार्पण केवल जेवर ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया गया है। स्थानीय स्तर पर लोगों को आमंत्रित कर उनकी अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह आयोजन एक बड़े जन-उत्सव का रूप ले सके।

उन्होंने यह भी कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट क्षेत्र के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा सड़क, परिवहन, होटल और अन्य आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विस्तार होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट के संचालन से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समन्वित प्रयासों से लोकार्पण कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने की तैयारियां निरंतर जारी हैं।

Anjali Priya
Anjali Priya
Articles: 215

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us